आगरा में अवैध शराब का बड़ा खेल बेनकाब, ब्रांडेड बोतलों में भरी जा रही थी सस्ती शराब
आगरा। ताजनगरी में अवैध शराब कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। थाना हरीपर्वत क्षेत्र के रतनपुरा इलाके में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में एक किराए के मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब और उससे जुड़ा सामान बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सस्ती शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर महंगी शराब के रूप में बेच रहे थे। इस तरीके से न सिर्फ उपभोक्ताओं को ठगा जा रहा था, बल्कि सरकार को भी भारी राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में खाली और भरी हुई ब्रांडेड बोतलें, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और शराब से संबंधित अन्य उपकरण बरामद किए गए। बरामदगी से साफ संकेत मिलते हैं कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से नकली शराब की रीफिलिंग और सप्लाई का धंधा चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, जिस मकान से यह अवैध शराब का जखीरा मिला, उसे एक शराब ठेके के सेल्समैन ने किराए पर लिया था। इस खुलासे के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस पूरे नेटवर्क में शराब वितरण तंत्र से जुड़े अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का कारोबार आम लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक है। संदिग्ध गुणवत्ता की शराब को ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेचना न सिर्फ धोखाधड़ी है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।
फिलहाल, पुलिस और आबकारी विभाग ने बरामद शराब और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह कारोबार कब से चल रहा था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों तक हो रही थी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे तथा गिरफ्तारियां हो सकती हैं।