जातिगत टिप्पणी एंव वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने सोशल मीडिया पर जातिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले वीडियो को वायरल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा एक सम्मानित व्यक्ति के खिलाफ जातिगत टिप्पणी, गाली-गलौज और धमकी दी गई थी। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ग्राम सोवरिया निवासी अजीत चौधरी के रूप में हुई। मामले में मुकदमा संख्या 105/2026 के तहत धारा 351(2) एवं 352 बीएनएस में केस दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह, उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह तथा हेड कांस्टेबल मोहसिन सोलंकी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।