आगरा:भाकियू लोकशक्ति की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, बीएसए की रेड में स्कूलों का ‘किताब खेल’ बेनकाब
जनपद आगरा:-जिले में निजी स्कूलों द्वारा किताबों की बिक्री में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह की शिकायत पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) जितेंद्र गोंड ने अपने स्टाफ के साथ सिरकी मंडी चौराहा के पास हसनपुर स्थित एक दुकान पर छापेमारी की।
जांच के दौरान पाया गया कि होली लाइट पब्लिक स्कूल की सभी कक्षाओं की पुस्तकें “गौरव बुक एजेंसी” के नाम से एक ही दुकान पर बेची जा रही थीं। दुकान पर मौजूद व्यक्ति छात्रों के नाम से हर बिक्री का पूरा रिकॉर्ड दर्ज कर रहा था। खास बात यह रही कि इस दुकान पर किसी अन्य स्कूल की किताबें उपलब्ध नहीं थीं, जिससे एक तरह का एकाधिकार सामने आया।
इसके अलावा, पहले जहां यही किताबें स्कूल से 10 प्रतिशत छूट के साथ मिलती थीं, वहीं अब उसी सामग्री को प्रिंटेड रेट पर बिना किसी डिस्काउंट के बेचा जा रहा था। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए बीएसए ने तत्काल दुकान को बंद कराने के निर्देश दिए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बताया गया कि चौधरी ओमवीर सिंह ने एक दिन पहले गायत्री पब्लिक स्कूल के खिलाफ भी इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में बीएसए ने संबंधित स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य को नोटिस जारी करने की बात कही है।