खेरागढ़ पुलिस व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले का थाना खेरागढ़ पुलिस एवं सर्विलांस (पश्चिमी जोन) की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन एवं प्रभारी पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण में, सहायक पुलिस आयुक्त खेरागढ़ के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
प्रकरण के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 को वादी द्वारा थाना खेरागढ़ में तहरीर दी गई कि उसकी नाबालिग पुत्री कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मु0अ0सं0 62/2026 धारा 137(ख) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की।
लगातार प्रयासों एवं सर्विलांस की सहायता से पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली के न्यू अशोक नगर से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान अपहृत बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहब्बत पुत्र बाबूलाल निवासी ग्राम महुआखेड़ा, थाना खेरागढ़, जनपद आगरा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी हरीश कुमार, सर्विलांस सेल पश्चिमी जोन के प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज कुमार व उनकी टीम, उपनिरीक्षक अनिल कुमार दीक्षित, उपनिरीक्षक सुमित पाठक तथा महिला उपनिरीक्षक गीता देवी की अहम भूमिका रही।
थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया है।