सिकंदरा योजना में अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र: कई संपत्तियां सील, आंशिक ध्वस्तीकरण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026

सिकंदरा योजना में अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र: कई संपत्तियां सील, आंशिक ध्वस्तीकरण

सिकंदरा योजना में अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र: कई संपत्तियां सील, आंशिक ध्वस्तीकरण

आगरा: शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती बढ़ाते हुए आवास एवं विकास परिषद ने सिकंदरा योजना क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कई संपत्तियों को सील किया गया और नियमों के विरुद्ध बने हिस्सों का आंशिक ध्वस्तीकरण किया गया।

यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह के निर्देश पर की गई, जिसमें प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. ख़ान के नेतृत्व में टीम ने नक्शे के विपरीत किए गए निर्माणों पर कार्रवाई की। अभियान के तहत सेक्टर-4 की संपत्ति संख्या 721/1, सेक्टर-7 की संपत्ति संख्या 123 (रोशन पैलेस) और सेक्टर-9 की संपत्ति संख्या 94 (निर्माणाधीन) को चिन्हित किया गया।

जांच में सामने आया कि सेक्टर-4 स्थित संपत्ति में पहले सील की गई हिटाची कैश मैनेजमेंट कंपनी की सील तोड़कर दोबारा संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा परिसर में कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी भी चलती पाई गईं। प्रवर्तन दल ने मौके पर आंशिक ध्वस्तीकरण करते हुए भूस्वामी को दो दिन के भीतर पूर्ण ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए हैं।

अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा मेरठ प्रकरण में दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान में परिषद के कई अधिकारी, इंजीनियर और पुलिस बल मौजूद रहा।

video

Pages