मंत्री नरेन्द्र कश्यप का आगरा दौरा: जनसुनवाई, विभागीय समीक्षा और ‘बचपन डे केयर सेंटर’ का औचक निरीक्षण
आगरा:- उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने जनपद का सघन भ्रमण कर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस आगरा में दिव्यांगजनों के साथ जनसुनवाई की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके उपरांत सर्किट हाउस सभागार में मंडल स्तरीय विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने ‘अन्य पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना’ के तहत मार्च 2026 में प्राप्त सभी आवेदनों को मई 2026 तक स्वीकृत कर धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही ‘सहायक उपकरण वितरण योजना’ के अंतर्गत शेष उपकरणों को प्राथमिकता के आधार पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक तत्काल पहुंचाने के आदेश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।
भ्रमण के अगले चरण में उन्होंने विजय नगर स्थित निर्माणाधीन ‘बचपन डे केयर सेंटर’ का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद मंत्री ने वर्तमान में संचालित ‘बचपन डे केयर सेंटर’ का भी निरीक्षण किया, जहां 12 मूकबधिर छात्र उपस्थित पाए गए। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं जांची और उनके साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर संतोष जताया, साथ ही परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
यह दौरा दिव्यांगजनों और पिछड़ा वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी निगरानी और उनके क्रियान्वयन को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।