कमला नगर में बैटरी बाइक की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
आगरा। कमला नगर क्षेत्र स्थित शालीमार एक्सचेंज में एक बैटरी बाइक की दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद हरिओम गोयल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। उनकी तत्परता के चलते दमकल विभाग की टीम जल्द ही मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।