दयालबाग की पुष्पांजलि हाइट्स में 11वीं मंजिल पर आग, आधे घंटे में काबू; बाद में दी गई फायर सेफ्टी ट्रेनिंग
आगरा। दयालबाग स्थित पुष्पांजलि हाइट्स में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बहुमंजिला इमारत के एक बंद फ्लैट से अचानक घना धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते सोसायटी के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
घटना शाम करीब 6:30 बजे की है, जब पर्ल ब्लॉक की 11वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लग गई। फ्लैट लंबे समय से बंद था और उसमें भारी मात्रा में कबाड़ भरा हुआ था। आग लगते ही कबाड़ ने तेजी से लपटें पकड़ लीं, जिससे धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया।
सूचना मिलते ही संजय प्लेस फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर अपनी टीम और दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और अन्य फ्लैट सुरक्षित रहे।
घटना के बाद एक अहम लापरवाही भी सामने आई। बिल्डिंग में अग्निशमन उपकरण तो मौजूद थे, लेकिन निवासियों को उनका सही तरीके से उपयोग करना नहीं आता था। आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने मौके पर ही सोसायटी के लोगों और स्टाफ को फायर सेफ्टी उपकरणों के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बेहतर ढंग से निपटा जा सके।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फ्लैट में जमा कबाड़ आग फैलने की बड़ी वजह बना। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि फ्लैट के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।