शिक्षा के भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी टीम पापा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 6 अप्रैल 2026

शिक्षा के भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी टीम पापा

शिक्षा के भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी टीम पापा

आगरा। प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंट्स (टीम पापा) के संरक्षक मनोज शर्मा एवं संस्थापक सदस्यों प्रवीण सक्सेना, अरुण मिश्रा, शोभित जेतली, दीपक वर्मा, अरुण भाटिया और अमर सिंह सेंगर ने आज शहीद स्मारक पर बैठक कर शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की। बैठक के दौरान “वंदे मातरम”, “अभिभावक एकता जिंदाबाद” और “टीम पापा जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।

संयुक्त बयान में कहा गया कि निजी विद्यालयों में विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से अभिभावकों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन द्वारा किताबें, कॉपियां और यूनिफॉर्म निर्धारित दुकानों से खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है, जिससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो अधिकारी अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए जिम्मेदार हैं, वही अब इस व्यवस्था में सहभागी बन गए हैं।

टीम पापा ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा गठित टास्क फोर्स भी अपेक्षित प्रभाव नहीं दिखा पा रही है और भ्रष्टाचार की जंजीरों में जकड़ी नजर आ रही है। संगठन का कहना है कि उन्होंने अब तक शांतिपूर्ण तरीके से नियमों के पालन और कार्रवाई की मांग की, लेकिन लगातार अनदेखी के चलते अब उन्हें सड़कों पर उतरकर संघर्ष करना पड़ेगा।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग भ्रामक आदेशों के जरिए अभिभावकों और विद्यार्थियों को गुमराह कर रहा है। इन आदेशों से राज्य सरकार के अधीन कुछ विद्यालयों को आंशिक लाभ मिल सकता है, लेकिन सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के छात्रों को कोई वास्तविक राहत नहीं मिल रही है।

टीम पापा के अनुसार, जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई के अभाव में निजी विद्यालयों में मनमानी शुल्क वसूली, कमीशनखोरी और अव्यवस्थित व्यवस्था खुलेआम चल रही है। उन्होंने इसे “शिक्षा के नाम पर लूट” करार देते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

अंत में संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।

video

Pages