आगरा को नई रफ्तार देंगे डीएम मनीष बंसल, संभाला कार्यभार; विकास और जनसमस्याओं पर फोकस
आगरा। ताजनगरी आगरा को मंगलवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। चार्ज संभालते ही उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।
नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि आगरा एक इंटरनेशनल हेरिटेज सिटी होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जनपद है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील और ब्लॉक स्तर तक फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट का विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विभागवार समीक्षा कर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को चिन्हित कर उनका समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासनादेशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें, फाइलों को स्वयं पढ़कर ही आगे बढ़ाएं और समय-समय पर अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण करते रहें। साथ ही उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए और प्रत्येक बैठक के समुचित मिनट तैयार करने पर जोर दिया।
भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम मनीष बंसल ने आमजन की सुविधा के लिए विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कलेक्ट्रेट सहित सभी सरकारी कार्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। इसके साथ ही सीएमओ, सीएमएस और एसएन मेडिकल कॉलेज सहित सभी सीएचसी व पीएचसी को गर्मी से संबंधित बीमारियों से निपटने के लिए विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए। नगर निगम और जलकल विभाग को पर्याप्त जलापूर्ति एवं साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया, वहीं स्कूलों के समय में भी नियमानुसार बदलाव के निर्देश दिए गए।
मनीष बंसल ने अपने अब तक के प्रशासनिक अनुभव में संभल और सहारनपुर में जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा वे मेरठ और उन्नाव में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, लखनऊ में सीडीओ और मेरठ में नगरायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले बंसल को एक कुशल और परिणामोन्मुखी अधिकारी के रूप में जाना जाता है।
नवागत डीएम के सख्त और स्पष्ट निर्देशों से यह संकेत मिल रहा है कि आगरा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।