विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी: फर्जी वीजा और जॉइनिंग लेटर देकर युवकों से ठगे लाखों, दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा के संजय प्लेस में चल रही एक फर्जी कंपनी का पर्दाफाश हुआ है, जो विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी कर रही थी। थाना हरीपर्वत पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, करीब चार महीने पहले संजय प्लेस में एक कंपनी शुरू की गई थी, जो सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से संपर्क कर उन्हें विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देती थी। आरोपी युवाओं को आकर्षक पैकेज और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर अपने जाल में फंसाते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक साहिल निवासी कपूरथला (पंजाब) और दूसरा अमन निवासी हाथरस है। दोनों ने मिलकर इस फर्जी कंपनी का संचालन शुरू किया था। इन्होंने आगरा के एक युवक को कनाडा में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर और वीजा भी थमा दिया।
जब युवक को शक हुआ और उसने विदेश जाने से इनकार करते हुए अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। इसके बाद पीड़ित ने थाना हरीपर्वत में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जांच जारी है।