SBI बैंक के बाहर डेढ़ लाख की चोरी का खुलासा: चार शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व अवैध हथियार बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 15 अप्रैल 2026

SBI बैंक के बाहर डेढ़ लाख की चोरी का खुलासा: चार शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व अवैध हथियार बरामद

SBI बैंक के बाहर डेढ़ लाख की चोरी का खुलासा: चार शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व अवैध हथियार बरामद

आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र में एसबीआई बैंक के बाहर हुई डेढ़ लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में थाना कागारौल पुलिस, साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलीजेंस और एसओजी पश्चिमी जोन की टीम ने चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

घटना 24 मार्च 2026 की है, जब खेरागढ़ क्षेत्र के निवासी सुनील कुमार उपाध्याय अपने पिता के साथ कागारौल स्थित एसबीआई बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लोन जमा करने आए थे। उन्होंने बैंक के बाहर अपनी मोटरसाइकिल पर बैग टांग दिया, जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे चोर बैग लेकर फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया। मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से 13 अप्रैल 2026 को पुलिस ने नगला परमसुख मार्ग से दो आरोपियों सुखभइया और करीमराज को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर किरावली रोड से नगला जसोला मार्ग पर अकीन और जानू को भी दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि गिरोह में सुखभइया, करीमराज, अकीन और राज मल्होत्रा शामिल थे। चोरी के बाद सभी ने रकम आपस में बांट ली थी और पहचान छिपाने के लिए बैग में रखे दस्तावेज नाले में फेंक दिए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,100 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और .315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शेष रकम आरोपियों द्वारा खर्च की जा चुकी है। फरार आरोपी राज मल्होत्रा की तलाश जारी है और पुलिस गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

video

Pages