टेम्पो चालक की हैवानियत का अंत: खंदौली पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को दबोचा, वाहन भी बरामद
आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना में वांछित अभियुक्त को खंदौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टेम्पो भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डायल 112 के माध्यम से थाना खंदौली पुलिस को महिला के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़िता को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना खंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 111/26 धारा 64(1) बीएनएस के तहत अज्ञात टेम्पो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को टेड़ी बगिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टेम्पो भी बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।