आगरा में 28 केंद्रों पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 25 अप्रैल 2026

आगरा में 28 केंद्रों पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा

आगरा में 28 केंद्रों पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा

आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस होमगार्ड भर्ती इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा जनपद आगरा में 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इस दौरान जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर कुल 75,168 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा तीनों दिन दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह के साथ शुक्रवार को आगरा कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक ए, बी, सी, ह्यूमेन विंग और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि दूसरी पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट या शेड की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बायोमेट्रिक उपस्थिति को छायादार स्थान पर कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया और सीटिंग प्लान का बारीकी से निरीक्षण करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ही जैमर और बायोमेट्रिक सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिससे नकल या किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।

video

Pages