केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने धर्मपत्नी संग निहारा ताज, व्यापारिक कूटनीति को मिला नया आयाम
आगरा। देश की आर्थिक रणनीति और वैश्विक व्यापार को नई दिशा देने के उद्देश्य से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल ने रविवार सुबह अपनी धर्मपत्नी के साथ ताज महल का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ विदेशी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच करीब दो घंटे तक चले इस दौरे में उन्होंने विश्व धरोहर की खूबसूरती को निहारा।
मंत्री गोयल का यह दौरा 25 अप्रैल की रात आगमन के साथ शुरू हुआ। आगरा पहुंचने के बाद वे ओबेरॉय अमर विलास में ठहरे, जहां देर रात तक अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ अनौपचारिक चर्चा भी हुई। रविवार सुबह करीब 6 से 8 बजे तक उन्होंने ताजमहल परिसर में समय बिताया।
यह दौरा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे व्यापारिक कूटनीति के महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। ताजमहल जैसे वैश्विक पहचान वाले स्थल पर विदेशी डेलिगेशन के साथ उपस्थिति, अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और व्यापारिक साझेदारों को सकारात्मक संदेश देने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
दौरे का अहम पहलू निर्यातकों के साथ प्रस्तावित बैठक है, जिसमें लेदर, टॉय, फार्मा और आयुष सेक्टर के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद होगा। बैठक में निर्यात बढ़ाने, वैश्विक प्रतिस्पर्धा मजबूत करने और व्यापारिक बाधाओं को दूर करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मंत्री उद्योग जगत से उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और निर्यात प्रक्रियाओं को सरल बनाने के सुझाव लेंगे। साथ ही वैश्विक व्यापार समझौतों और नई नीतियों के जरिए भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने पर भी मंथन होगा।
ताजमहल भ्रमण और बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पूर्वाह्न करीब 11 बजे सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यह दौरा भले ही अल्पकालिक हो, लेकिन इसके दूरगामी प्रभाव आगरा के उद्योग और निर्यात क्षेत्र पर देखने को मिल सकते हैं।