आगरा के जीआईसी मैदान में सजा झूलेलाल मेला: भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन का अनोखा संगम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 27 अप्रैल 2026

आगरा के जीआईसी मैदान में सजा झूलेलाल मेला: भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन का अनोखा संगम

आगरा के जीआईसी मैदान में सजा झूलेलाल मेला: भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन का अनोखा संगम

आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित दो दिवसीय झूलेलाल मेले ने शहरवासियों को भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के रंगों में सराबोर कर दिया। जय झूलेलाल मेला समिति द्वारा आयोजित इस मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया।

मेले के प्रवेश द्वार पर ही वरुणावतार भगवान झूलेलाल के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम की शुरुआत की। आगे बढ़ते ही जूट, बोरी और पत्थरों से बनी माता वैष्णों देवी गुफा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। गुफा में शीश नवाने के बाद भक्तों ने भैरोनाथ और कैलाश पर्वत पर विराजमान भगवान रुद्र की झांकियों के दर्शन किए। साथ ही स्वामी लीलाशाह और सिंधी संतों की झांकियों ने भी लोगों को भावविभोर कर दिया।

सतरंगी रोशनी से सजे मेले में सिंधी खान-पान की खुशबू हर ओर फैली रही। छोला-डबल, साई भाजी-चावल, भीह आलू (कमल ककड़ी), सेइल फुल्का और सीरा मालपुआ जैसे पारंपरिक व्यंजनों का लोगों ने जमकर स्वाद लिया। इसके साथ ही सिंधी परिधानों की स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बनी रही।

मेले में लगे दर्जनों झूलों का बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया, वहीं ऊंट और घोड़े की सवारी ने भी लोगों को खासा लुभाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नाइशा हरजानी और हितवी पंजवानी ने डांस प्रस्तुत किया, जबकि कुणाल चावला ने कविता पाठ से तालियां बटोरीं।

संगीतमय माहौल तब और रंगीन हो गया जब मुंबई से आए गायक कमलेश कपूर ने अपने भक्ति और सिंधी गीतों से समां बांध दिया। “हां असी सिंधी आयो…” जैसे गीतों पर दर्शक झूम उठे और पूरा मेला परिसर भक्ति रस में डूब गया।

वहीं कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण तब बना जब जूनियर अमिताभ बच्चन (राजकुमार भगत्यानी) मंच पर पहुंचे। “कजरारे-कजरारे…” जैसे गीतों पर उनके साथ दर्शकों ने जमकर डांस किया। कई लोग उन्हें असली अमिताभ समझकर चौंक गए। सेल्फी और फोटो लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

भक्ति, संस्कृति, संगीत और मनोरंजन के इस अनूठे संगम ने झूलेलाल मेले को यादगार बना दिया, जहां हर उम्र के लोगों ने खुशी और उत्साह के साथ इस आयोजन का आनंद लिया।

video

Pages