तेज रफ्तार का कहर: आगरा में भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, साथी गंभीर
आगरा। शहर के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बोदला-अछनेरा रोड पर बिचपुरी पोस्ट ऑफिस के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब बाइक सवार हेमंत और उसका दोस्त आकाश शर्मा बिचपुरी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेमंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, लेकिन कार में सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान थाना किरावली क्षेत्र के कस्बा मिढ़ाकुर निवासी हेमंत पुत्र सतेंद्र उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था और हाल ही में स्नातक की पढ़ाई पूरी कर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि वह दिल्ली में रहकर जर्मन भाषा का प्रशिक्षण भी ले चुका था।
गंभीर रूप से घायल आकाश शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नई दिल्ली स्थित एम्स ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का जल्द पता लगाया जा सके।
हेमंत की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता सतेंद्र खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे के असमय निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।