शादी में गया परिवार, पीछे से घर में लाखों की चोरी—सीसीटीवी में कैद हुए चोर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 30 अप्रैल 2026

शादी में गया परिवार, पीछे से घर में लाखों की चोरी—सीसीटीवी में कैद हुए चोर

शादी में गया परिवार, पीछे से घर में लाखों की चोरी—सीसीटीवी में कैद हुए चोर

आगरा। शहर के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने घर में घुसकर नकदी और जेवरात साफ कर दिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

कालिंदी विहार में वारदात
जानकारी के अनुसार कालिंदी विहार स्थित डी-1023 में नन्नेश कश्यप अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को वे अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए मथुरा गए हुए थे। इसी दौरान देर रात करीब एक बजे बाइक सवार दो बदमाश घर के बाहर पहुंचे।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोर
बदमाशों ने पहले घर की रेकी की और फिर मुख्य दरवाजे का कुंदा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर के कमरों के ताले भी तोड़ दिए और अलमारी खंगाल डाली। चोर करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद और डेढ़ से दो लाख रुपये के पुश्तैनी जेवरात चोरी कर ले गए।

सुबह खुला राज
सुबह करीब छह बजे पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखा, जिसके बाद परिवार को सूचना दी गई। पीड़ित परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश
वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दोनों बदमाश साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।

video

Pages