कमला नगर में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई: आवासीय भूखंड पर चल रहा अस्पताल, दो दिन की मोहलत
आगरा। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ आवास विकास परिषद का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को कमला नगर योजना क्षेत्र में परिषद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध निर्माणों को चिन्हित कर सीलिंग की कार्रवाई की।
यह अभियान अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह के निर्देश पर अधिशासी अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में परिषदीय प्रवर्तन दल द्वारा स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से चलाया गया। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. खान ने बताया कि आवासीय भूखंडों के व्यावसायिक उपयोग और मानचित्र के विपरीत निर्माण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
आवासीय भूखंड पर चल रहा अस्पताल, दो दिन का समय
कार्रवाई के दौरान संपत्ति संख्या D/242 (डॉ. राजीव मंगल एवं डॉ. अनीता मंगल) पर आवासीय भूमि में “सीताराम हार्टकेयर एंड मैटरनिटी सेंटर” के नाम से अस्पताल संचालित पाया गया, जिसे परिषद ने अवैध घोषित किया। हालांकि अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति को देखते हुए भवन स्वामियों को दो दिन का समय दिया गया है, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
पांच अन्य अवैध निर्माण किए गए सील
अभियान के तहत कई अन्य संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई। संपत्ति संख्या A/764 (ममता रानी) को स्वीकृत मानचित्र से भिन्न निर्माण पर सील किया गया। A/796 (राम प्रताप भारती) में तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण मिलने पर भवन को सील किया गया। B/577 (संदीप अग्रवाल) में भी मानचित्र के विपरीत निर्माण पर कार्रवाई हुई। F/148 (गोविन्द मित्तल) में बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माणाधीन भवन को सील किया गया, जबकि F/154 (राजीव जैन) में भवन के फ्रंट हिस्से को पूरी तरह कवर कर निर्माण करने पर कार्रवाई की गई।
अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह ने आवंटियों से अपील की कि परिषद द्वारा जारी नोटिसों की अनदेखी न करें और नियमानुसार निर्माण कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान अधिशासी अभियंता अनिल कुमार, प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. खान, सहायक अभियंता योगेश, सुरेन्द्र, स्थानीय पुलिस बल सहित परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।