डीपीएस में छात्र पर हमला: सहपाठी के खिलाफ एफआईआर, सिकंदरा पुलिस ने शुरू की जांच
आगरा। Delhi Public School के शास्त्रीपुरम स्थित परिसर में दसवीं के छात्र पर हुए हमले के मामले में अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना सिकंदरा में आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दसवीं के छात्र विश्वजीत मल्होत्रा के साथ हुई मारपीट के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पीड़ित के पिता पियूष मल्होत्रा द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया गया है कि 25 अप्रैल 2026 को स्कूल के ही एक सहपाठी ने विश्वजीत के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके तीन दांत टूट गए और जबड़े में फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद छात्र की हालत गंभीर हो गई। जबड़े में चोट और दांत टूटने के कारण वह ठीक से बोलने में भी असमर्थ है। इस घटना का उस पर शारीरिक के साथ-साथ मानसिक प्रभाव भी पड़ा है।
घायल छात्र का इलाज यथार्थ हॉस्पिटल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसे सामान्य स्थिति में आने में कम से कम तीन महीने का समय लग सकता है, जिससे उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
बताया गया है कि पीड़ित छात्र ने बोलने में असमर्थ होने के कारण अपने पिता को लिखकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस को साक्ष्य के रूप में मेडिकल रिपोर्ट और टूटे दांतों की तस्वीरें भी सौंपी गई हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद स्कूलों में सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।