फतेहाबाद में अवैध असलाह के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस-एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस टीम व एसओजी पूर्वी जोन कमिश्नरेट की संयुक्त कार्रवाई में एक अभियुक्त को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस तथा एक बाइक बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान के अनुसार, पुलिस टीम निबोहरा रोड अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बाइक पर सवार होकर जा रहा है, जिसके पास अवैध हथियार मौजूद है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस व एसओजी टीम ने घेराबंदी कर युवक को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अरविंद निवासी विजोलपुरा, थाना फतेहाबाद बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अभियुक्त किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में तो शामिल नहीं है।