आगरा पब्लिक स्कूल में फायर सेफ्टी ड्रिल, बच्चों ने सीखी अग्नि सुरक्षा के गुर
आगरा। शास्त्रीपुरम अग्निशमन विभाग द्वारा गुरुवार को आगरा पब्लिक स्कूल अरतौनी में फायर सेफ्टी को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके और सतर्कता के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
फायर सेफ्टी ऑफिसर महेन्द्र प्रताप वाजपेयी ने अपनी टीम के साथ ड्रिल का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने, सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के उपायों की जानकारी दी।
ड्रिल के दौरान छात्रों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। इस अभ्यास से बच्चों को अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण और जीवनरक्षक जानकारियां मिलीं, जिससे उनकी जागरूकता में वृद्धि हुई।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के प्राचार्य डीएस वर्मा ने अग्निशमन विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने में अमित चौधरी, संदीप सिंह, बबीता ओझा, एकता वर्मा, मोहित नंद शर्मा, कैसर खान, राहुल मलिक और निशा सहित स्कूल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाती रहेंगी।