सीडीओ ने सड़कों का कराया सत्यापन, मिली कमियां
- एक दर्जन सड़कों में गड्ढे, सीसी ठीक न होने जैसी कमियां
- सड़कों की गुणवत्ता के लिए थर्ड पार्टी से करवाया सत्यापन
- लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को दिए सख्त निर्देश
आगरा। सड़कों की गुणवत्ता कैसी है उसकी जानकारी करने के लिए सीडीओ प्रतिभा सिंह ने थर्ड पार्टी सत्यापन करवाया है। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने सड़कों को ठीक करने के लिए एक महीने का समय दिया है। साथ ही भविष्य में सड़कों की गुणवत्ता खराब मिली तो सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत जनपद में सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत का कार्य चल रहा है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता पर जोर दे रही है। निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य हों, जिससे वे लंबे समय तक चल सकें। लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सात नई सड़कों सहित 35 सड़कों का सत्यापन थर्ड पार्टी से करवाया है। सीडीओ ने बताया कि 35 सड़कों के सत्यापन में लगभग एक दर्जन सड़कों में कमियां मिली हैं। उनकी मरम्मत करवाना पाया गया है। सड़कों में गड्डे मिले हैं। सीसी सड़कों का कार्य ठीक नहीं हुआ है। सत्यापन में स्पष्ट है कि सड़कों के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करवाते तो सड़कों की गुणवत्ता ठीक होती है। जिन सड़कों में कमियां मिली हैं, उन्हें दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया है। सीडीओ प्रतिभा सिंह ने मुख्य अभियंता को कमियां दूर करने के लिए एक महीने का समय दिया है। उन्होंने कहा है कि समय पर मरम्मत कार्य नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही भविष्य में सड़कों एवं अन्य निर्माण कार्यों में मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सड़कों की गुणवत्ता के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने नहीं दी जाएगी।
इन सड़कों का हुुआ सत्यापन
सीडीओ के आदेश पर 35 सड़कों का सत्यापन हुआ है। इनमें रायभा से किरावली अछनेरा रोड, किरावली से किरिया वाया निनवाया नगरिया, अकोला से बसई रैमाल, किरावली कागारौल से सोनिंगा, बटेश्वर से नगला ईंट, डगरुपुरा से पिनाहट भदरौली, बाह से कैंजारा, जरार क्वारी हरलालपुरा चंबल, बरहन से मुर्थअलीपुर, मंडी मिर्जाखान से आलेंडा वाया नगला देविया, रसूलपुर से सहानपुर वाया पतसाल सनोथी मोहम्मदपुर, धिमश्री वाया टिकैतपुरा गढ़ी परशुराम, फतेहाबाद निबोहरा मार्ग से ककंरपुर से बिहारी, निबोहरा मझारा वाया रामपुर भगतू मध्य, फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग से स्वरा मार्ग, प्रतापपुरा इंदौन मार्ग, बरीपुरा सिकरारा, जीतपुरा जगनेर वाया नौनी वीरभान, खंदौली से आंवलखेड़ा, हाईवे से रहनकलां खारी नदी मार्ग, खेरागढ़ से नगला कमाल मार्ग, सिकंदरपुर कलां से सियारमऊ, सैंया से खेरिया वाया लादूखेड़ा, मोहनपुर सिलोखर दारानगर, इरादत नगर से चत्तापुरा, तेहरा अनूप का पुरा, नगला भिक्की गढ़ी लाल खर्द, बाह-बटेश्वर मार्गा से चोटापुरा मार्ग, बाह-बटेश्वर मार्ग, उस्मानपुर से बर्जु अकबर से बमान वाया नया बास, मोहिसनाबाद से बरहन वाया सराय जयराम, नैनाना जाट वाया बमरौली अहीर मार्ग, किरावली-कागारौल मार्ग, तेहराई खेड़ा, कासिमपुर सिंघायच से देहगवां रोड आदि शामिल हैं।