संदीप सागर की ‘हिंदुत्व महाविज्ञान’ पुस्तक का राज्यसभा सांसद ने किया विमोचन
अलीगढ़। भारतीय संस्कृति और हिंदुत्व के वैचारिक पहलुओं पर आधारित लेखक संदीप सागर की पुस्तक ‘हिंदुत्व महाविज्ञान’ का भव्य विमोचन धर्म समाज महाविद्यालय, जीटी रोड अलीगढ़ के सभागार में एक गरिमामय समारोह में राज्यसभा सांसद तथा संसदीय स्थाई समिति के अध्यक्ष निरंजन विशी एवं भारत सरकार की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय योग गुरु डॉ. अनिल जैन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्म समाज महाविद्यालय, अलीगढ़ के सचिव राजीव अग्रवाल " अनु " ने की। इनके अलावा अलीगढ़ नगर निगम के महापौर प्रशांत सिंघल, अलीगढ़ रत्न से सम्मानित अलीगढ़ युवा ताइक्वांडो एसोसिएशन की अध्यक्ष दीप्ति सिंह, उत्तरांचल तीर्थक्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, विभाग प्रचारक गोविन्द आदि के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विमोचन के दौरान मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद निरंजन विशी ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति हिंदुत्व के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और दार्शनिक पक्षों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसी पुस्तकों की अत्यंत आवश्यकता है, जो हमारी परंपराओं और मूल्यों को नई पीढ़ी तक सरल भाषा में पहुंचा सकें।
इस अवसर पर लेखक संदीप सागर ने बताया कि ‘हिंदुत्व महाविज्ञान’ पुस्तक लिखने का उद्देश्य हिंदुत्व को केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और तार्किक आधार पर प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस पुस्तक में विभिन्न उदाहरणों और तथ्यों के माध्यम से विषय को सहज और स्पष्ट बनाने का प्रयास किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं प्रवीण अग्रवाल, मनोज सक्सेना, प्रो. मुकेश भारद्वाज, कवि राजेश बघेल आदि ने भी पुस्तक की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को भारतीय संस्कृति की गहराई से परिचित कराने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीलम श्रीवास्तव ने बहुत शानदार ढंग से किया।