आगरा में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 29.62 लाख मतदाता शामिल
आगरा:- जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधानसभावार अंतिम निर्वाचक नामावली जारी की गई।
जनपद में अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 29,62,418 मतदाता शामिल हैं, जिनमें 16,25,170 पुरुष, 13,37,166 महिला और 82 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि यह सूची 10 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक सभी मतदेय स्थलों पर आमजन के निःशुल्क अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी।
विधानसभावार मतदाताओं की संख्या में एत्मादपुर में 4,20,574, आगरा कैंट में 3,35,784, आगरा दक्षिण में 2,75,069, आगरा उत्तर में 3,33,439, आगरा ग्रामीण में 3,74,334, फतेहपुर सीकरी में 3,30,745, खेरागढ़ में 3,05,509, फतेहाबाद में 2,95,623 और बाह में 2,91,341 मतदाता शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी नगर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 10 अप्रैल से एक सप्ताह तक अपने-अपने मतदान स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का निरीक्षण कराएंगे। मतदाता अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच कर सकते हैं तथा किसी त्रुटि की स्थिति में संबंधित बीएलओ या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर सुधार करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है तो वह फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकता है। साथ ही, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के तहत सूची प्रकाशन के 15 दिन के भीतर प्रथम अपील तथा 30 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष द्वितीय अपील की जा सकती है।
उन्होंने इस वृहद अभियान की सफलता के लिए सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, सुपरवाइजरों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। करीब 166 दिनों तक चले इस विशेष पुनरीक्षण अभियान में हजारों कार्मिकों के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।