आगरा में आधी रात डकैती: घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक, चांदी लेकर फरार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 19 अप्रैल 2026

आगरा में आधी रात डकैती: घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक, चांदी लेकर फरार

आगरा में आधी रात डकैती: घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक, चांदी लेकर फरार

आगरा: थाना एत्माउददौला क्षेत्र के नगला छिदामी में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और चांदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित राधेश्याम के अनुसार, उनका बेटा आगरा की चेन फैक्ट्री में कारीगर है और घर की पहली मंजिल पर चांदी की चेन बनाने का काम करता है। शुक्रवार रात पूरा परिवार सो रहा था, तभी बदमाश छत पर लगी सरिया काटकर घर में घुस आए।

आहट होने पर जब परिवार के लोग जाग गए, तो बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उन्हें बंधक बना लिया और मुख्य गेट खुलवा दिया। इसके बाद बाहर खड़े चार अन्य बदमाश भी अंदर आ गए।

चांदी समेटकर हुए फरार
बदमाश सीधे पहली मंजिल पर पहुंचे और कमरे में रखी चांदी को समेट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

video

Pages