आगरा में जर्जर बिजली तारों से निकली चिंगारी ने जलाई गेहूं की फसल, किसानों में भारी आक्रोश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 9 अप्रैल 2026

आगरा में जर्जर बिजली तारों से निकली चिंगारी ने जलाई गेहूं की फसल, किसानों में भारी आक्रोश

जर्जर बिजली तारों से निकली चिंगारी ने जलाई गेहूं की फसल, किसानों में भारी आक्रोश

आगरा/फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र के गांव दूरा में बुधवार शाम एक बड़ी लापरवाही के चलते किसानों की मेहनत पलभर में राख हो गई। जर्जर बिजली तारों से निकली चिंगारी ने कई खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव दूरा में पुराने और जर्जर बिजली तारों से निकली चिंगारी ने किसानों अमित, आरती सिंह, पूर्व प्रधान मुकेश कुमार, सुरेश कुमार, छत्रपाल सिंह और राजू के खेतों में आग लगा दी। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती गई और आसपास के कई खेत भी इसकी चपेट में आ गए।

आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ों की टहनियों व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक गेहूं की बड़ी मात्रा में खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी।

घटना के दौरान ग्रामीणों और राहगीरों ने मिलकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई, जिससे और बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विद्युत उपकेंद्र दूरा के जेई को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद उपखंड अधिकारी फतेहपुर सीकरी को भी सूचना दी गई, जिन्होंने केवल कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा।

गांव वालों के अनुसार, पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर जर्जर तारों के कारण आग लग चुकी थी। उस समय बिजली लाइन बदलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कई बार शिकायतों के बावजूद विभाग की लापरवाही जारी रही, जिसका खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 3 अप्रैल को हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से पहले ही फसलों को भारी नुकसान हुआ था और अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे में इस आग की घटना ने किसानों की स्थिति और भी दयनीय बना दी है।

पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए और जर्जर बिजली लाइनों को जल्द से जल्द बदला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

video

Pages