दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 10 जून से होंगे आवेदन
आगरा स्थित Dayalbagh Educational Institute ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। संस्थान की ओर से जारी सूचना के अनुसार विभिन्न व्यावसायिक और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 जून से शुरू होगी।
संस्थान के प्रभारी रजिस्ट्रार द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि इच्छुक अभ्यर्थी विभिन्न कोर्सों के लिए 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। संस्थान में कला, वाणिज्य, शिक्षा, इंजीनियरिंग, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, इंटीग्रेटेड मेडिसिन (आयुष), विज्ञान और सामाजिक विज्ञान सहित सात प्रमुख संकाय संचालित हैं। इसके अलावा तकनीकी कॉलेज और सर्टिफिकेट स्तर के मॉड्यूलर प्रोग्राम भी उपलब्ध हैं।
प्रवेश कार्यक्रम के तहत डिप्लोमा, सभी स्नातक पाठ्यक्रम, बीवॉक, बीएफए, बीआर्क, बीटेक, बीएड, एमएड, एम.वोक, स्नातकोत्तर (पीजी) और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 जून निर्धारित की गई है। वहीं वोकेशनल सर्टिफिकेट प्रोग्राम्स के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 जून से शुरू होकर 10 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे।
संस्थान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार से संबंधित तिथियां बाद में संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को नियमित रूप से संस्थान की वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।