फुव्वारा दवा मार्केट में औषधि विभाग की बड़ी रेड, छह संदिग्ध दवाओं की बिक्री पर रोक
आगरा के फुव्वारा दवा मार्केट में नकली दवाओं की शिकायत मिलने पर औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्री मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा। करीब छह घंटे चली जांच के दौरान टीम ने दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले और कई बिलों में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई। जांच के दौरान छह दवाएं संदिग्ध पाई गईं, जिनकी बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार औषधि विभाग को एक नामी दवा कंपनी की ओर से शिकायत मिली थी कि उनके ब्रांड के नाम पर एंटी एलर्जिक, पेट दर्द और हड्डी रोग से जुड़ी नकली दवाएं फुव्वारा मार्केट स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर बेची जा रही हैं। शिकायत के आधार पर बुधवार को औषधि निरीक्षक Navneet Yadav और Nilesh Sharma ने कम्मू टोला स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान एजेंसी संचालक सुरेंद्र गुप्ता मौके पर मिले। टीम ने गोदाम में रखी दवाओं और बिक्री रिकॉर्ड की गहन जांच की। जांच के दौरान भंडारण और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां सामने आईं।
औषधि विभाग की टीम ने पेट दर्द की दवा ऑक्सालजिन डीपी के विभिन्न बैचों के चार नमूने लिए। वहीं एंटी एलर्जिक दवा सेटिजन टैबलेट और हड्डी रोग की दवा प्रीमोल्ट एन टैबलेट के भी एक-एक नमूने जांच के लिए सील किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
फिलहाल विभाग ने इन दवाओं की खरीद और बिक्री पर रोक लगा दी है। साथ ही एजेंसी संचालक को नोटिस जारी कर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिल और रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। औषधि विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।