सिकंदरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.6 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
आगरा। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.5 लाख बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 4 मई को थाना सिकंदरा पुलिस टीम हीरालाल गार्डन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से पनवारी अड्डा मार्ग होते हुए मथुरा की ओर अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्णपाल सिंह पुत्र ओमवीर सिंह और अरुण पुत्र कपिलदेव, निवासी ग्राम नगर, थाना अछनेरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 11.6 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और ₹5,500 नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मथुरा हाईवे से गुजरने वाले ट्रक चालकों से गांजा खरीदते थे और उसे आगरा व मथुरा में बेचते थे। गिरफ्तारी के दिन भी वे गांजा बेचने के उद्देश्य से मथुरा जा रहे थे।
आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया कि कृष्णपाल सिंह के खिलाफ पहले से करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वहीं, अरुण के खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।