आगरा कैंट जीआरपी का बड़ा खुलासा: ट्रेनों में चोरी करने वाला गैंग पकड़ा, 6 शातिर गिरफ्तार
आगरा। आगरा के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब ₹4.80 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और एक देसी तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जीआरपी थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास घूम रहे हैं और ट्रेनों में चोरी की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की और छहों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक चांदी की पायल, चोरी का घरेलू सामान, एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की कीमत लगभग ₹4,80,000 आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर ट्रेनों में सफर करते थे और भीड़ का फायदा उठाकर सो रहे यात्रियों के बैग, पर्स और ज्वैलरी चोरी कर लेते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद ये अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने दिल्ली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और आगरा रूट पर कई वारदातों को अंजाम देना कबूला है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, मुरादाबाद और बुलंदशहर के रहने वाले हैं और विशेष रूप से त्योहारी सीजन में सक्रिय रहते थे, जब ट्रेनों में भीड़ अधिक होती है। गिरोह का सरगना पहले भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
जीआरपी पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी खुलासा करने में जुटी हुई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।