तरबूज तोड़ने के विवाद में 13 वर्षीय मासूम की हत्या, गांव में तनाव - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 2 मई 2026

तरबूज तोड़ने के विवाद में 13 वर्षीय मासूम की हत्या, गांव में तनाव

तरबूज तोड़ने के विवाद में 13 वर्षीय मासूम की हत्या, गांव में तनाव

आगरा। थाना बसई जगनेर क्षेत्र के सोनी खेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां तरबूज तोड़ने के मामूली विवाद ने 13 वर्षीय बालक की जान ले ली। खेत में खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जानकारी के अनुसार, सोनी खेड़ा निवासी नरेश कुशवाह का 13 वर्षीय बेटा अमृत दोपहर में खेतों की ओर गया था। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसकी बहन खेतों तक पहुंची, जहां अमृत का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पास में तरबूज से भरी एक थैली और एक चाकू भी बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि खेत बंटाई पर लेने वाले लोगों ने तरबूज तोड़ने के विवाद में उनके बेटे की हत्या की है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद देर रात कार्रवाई शुरू हो सकी।

डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

video

Pages