आगरा में मिलावटखोरों पर एफएसडीए का बड़ा शिकंजा, तेल-घी के 17 सैंपल जांच को भेजे - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 8 मई 2026

आगरा में मिलावटखोरों पर एफएसडीए का बड़ा शिकंजा, तेल-घी के 17 सैंपल जांच को भेजे

आगरा में मिलावटखोरों पर एफएसडीए का बड़ा शिकंजा, तेल-घी के 17 सैंपल जांच को भेजे

आगरा में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए दुकानों और रिटेल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सरसों तेल, घी, रिफाइंड और अन्य खाद्य तेलों के कुल 17 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि मिलावट की आशंका में करीब 9 किलो/लीटर खाद्य तेल और घी जब्त किया गया।

यह विशेष अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आगरा के निर्देशों के क्रम में चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त (खाद्य) आगरा के निर्देशन में गुरुवार को विभिन्न टीमों ने शहर के कई प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई की।

अभियान के दौरान रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, सरसों तेल, घी, ग्राउंडनट ऑयल, सनफ्लॉवर ऑयल, कच्ची घानी सरसों तेल और नारियल तेल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। विभागीय अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 9 किलो/लीटर खाद्य तेल और घी को जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2521 रुपये बताई गई है।

एफएसडीए अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि जनपदवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

छापेमार कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही, वहीं आम लोगों ने मिलावटखोरों के खिलाफ हो रही कार्रवाई का स्वागत किया है।

video

Pages