आगरा में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत, सातवीं मंजिल से गिरने से मचा हड़कंप
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित इनकम टैक्स बिल्डिंग में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सातवीं मंजिल से गिरकर एक इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की मौत हो गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान इनकम टैक्स इंस्पेक्टर सुरेशचंद्र मौर्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय कार्यालय बंद हो चुका था। शाम करीब छह बजे सुरेशचंद्र मौर्य स्कूटर से इनकम टैक्स बिल्डिंग पहुंचे। उन्होंने पार्किंग में स्कूटर खड़ा किया और उसके बाद कार्यालय के अंदर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद अचानक उनके नीचे गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गंभीर हालत में उन्हें संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। वहीं सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुरेशचंद्र मौर्य पिछले काफी समय से तनाव में चल रहे थे और उनका चिकित्सकीय उपचार भी चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।