एसएन मेडिकल कॉलेज ने रचा इतिहास, 172 साल में पहली बार सफल हार्ट बाईपास सर्जरी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 17 मई 2026

एसएन मेडिकल कॉलेज ने रचा इतिहास, 172 साल में पहली बार सफल हार्ट बाईपास सर्जरी

एसएन मेडिकल कॉलेज ने रचा इतिहास, 172 साल में पहली बार सफल हार्ट बाईपास सर्जरी

आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज ने अपने 172 वर्ष पुराने इतिहास में पहली बार सफल हार्ट बाईपास सर्जरी कर चिकित्सा क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद अब आगरा मंडल सहित आसपास के हजारों हृदय रोगियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और सस्ती उपचार सुविधा मिल सकेगी।

अब तक आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, हाथरस और अलीगढ़ समेत कई जिलों के मरीजों को हार्ट बाईपास सर्जरी के लिए दिल्ली, जयपुर और लखनऊ जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जहां इलाज में लाखों रुपये खर्च होते थे। लेकिन एसएन मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ हृदय रोग सर्जन डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि हाई रिस्क मरीज को 10 अप्रैल को भर्ती किया गया था। मरीज का असाध्य रोग निधि योजना के तहत पंजीकरण कराया गया। इसके बाद 13 अप्रैल की रात धड़कते हुए दिल पर “ऑफ पंप कोरोनरी आर्टरी बायपास ग्राफ्टिंग” (CABG) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। उन्होंने बताया कि सामान्यतः हार्ट बाईपास सर्जरी के बाद मरीज को 5 से 7 दिन अस्पताल में भर्ती रखना पड़ता है, लेकिन एसएन मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ टीम ने मरीज को मात्र 72 घंटे में सुरक्षित डिस्चार्ज कर दिया।

इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मेडिकल College पहुंचे और पूरी मेडिकल टीम को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल आगरा ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की नीति का ही परिणाम है कि आगरा मंडल को इतनी आधुनिक सुविधा मिल सकी है।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि विधायक बनने के बाद से ही उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज को “मिनी एम्स” के रूप में विकसित करने और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं बढ़ाने के प्रयास शुरू कर दिए थे। अब यह सफलता उन्हीं प्रयासों का परिणाम है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इसे संस्थान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पूरी टीम ने अत्यंत समर्पण, कुशलता और आधुनिक तकनीक के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया। इस जटिल सर्जरी में कार्डियोथोरेसिक वैस्कुलर सर्जन डॉ. सुशील सिंघल, डॉ. शिव कुमार, डॉ. सुलभ गर्ग, डॉ. आरती, एनेस्थीसिया टीम से डॉ. अपूर्व मित्तल, डॉ. योगिता, डॉ. अतिहर्ष मोहन, डॉ. अमित, डॉ. रोहन, डॉ. अखिल, डॉ. विकास सहित नर्सिंग स्टाफ प्रमिला, श्वेता सुमन और प्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सम्मान समारोह में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील सिंघल, भाजपा व्यापारी नेता टीएन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष देवेश पचौरी, आदेश सिंघल, पार्षद मीनाक्षी वर्मा, बद्री प्रसाद माहौर, गुड्डू मेनन, अनुराग चतुर्वेदी, हेमंत प्रजापति, राधा मानवानी, हीरा सिंह और मेडिकल कॉलेज की मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रीति भारद्वाज समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने एसोसिएट प्रोफेसर सीटीवीएस डॉ. सुशील सिंघल, विभागाध्यक्ष डॉ. योगिता द्विवेदी, डॉ. अपूर्व मित्तल, डॉ. अतिहर्ष मोहन, डॉ. शिवकुमार, डॉ. अमित, डॉ. सुलभ गर्ग, डॉ. आरती, डॉ. रोहन कुमार गुप्ता सहित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित किया।

video

Pages