ई-लॉटरी में चयन होते ही किसानों में दौड़ी खुशी की लहर, खरीफ 2026 हेतु कृषि बीज वितरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हुई सम्पन्न
आगरा:-जनपद के कृषक बन्धुओं को सहर्ष सूचित किया जाता है कि खरीफ 2026 सीजन हेतु सामान्य, संकर एवं बीज मिनीकिट की बुकिंग कृषि विभाग की वेबसाइट पर दिनांक 22.04.2026 से प्रारम्भ की गई थी। कतिपय विकासखण्डों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने के कारण पात्र कृषकों का चयन दिनांक 13.05.2026 को विकास भवन सभागार, आगरा में ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराया गया।
ई-लॉटरी प्रक्रिया जिलाधिकारी आगरा द्वारा नामित मुख्य विकास अधिकारी, आगरा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान कृषकगणों एवं विभागीय अधिकारियों/कार्मिकों की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही।
उप कृषि निदेशक, मुकेश कुमार ने अवगत कराया कि विभाग द्वारा संपूर्ण प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराया गया है, जिससे वास्तविक एवं पात्र कृषकों को लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरान्त सामान्य, संकर एवं मिनीकिट बीजों की बुकिंग विभागीय पोर्टल पर कृषक भाइयों हेतु पुनः खोली जाएगी, ताकि शेष कृषक भी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कृषकों से अपील की कि वे विभागीय पोर्टल पर समय-समय पर जानकारी प्राप्त करते रहें तथा किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु अपने विकासखण्ड के कृषि विभाग कार्यालय से सम्पर्क करें।
इस अवसर पर समिति के सदस्यगण उप कृषि निदेशक, आगरा, जिला कृषि अधिकारी, आगरा, प्रभारी कृषि विज्ञान केन्द्र बिचपुरी, आगरा तथा नामित प्रगतिशील कृषक गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।