संप्रेक्षण गृह निरीक्षण में मिली खामियों पर सख्ती, किशोरों के दाखिले के लिए NIOS से समन्वय के निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 14 मई 2026

संप्रेक्षण गृह निरीक्षण में मिली खामियों पर सख्ती, किशोरों के दाखिले के लिए NIOS से समन्वय के निर्देश

संप्रेक्षण गृह निरीक्षण में मिली खामियों पर सख्ती, किशोरों के दाखिले के लिए NIOS से समन्वय के निर्देश

आगरा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) सिरौली मालपुरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किशोरों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। निरीक्षण में कुछ कमियां मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के आदेश दिए।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगरा संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में बुधवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), सिरौली मालपुरा, आगरा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रभारी अधीक्षक राम सूरत, फार्मासिस्ट विकास कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) पंकज कुमार-1 ने किशोरों से व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से बातचीत कर भोजन, आवश्यक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किशोरों द्वारा किसी प्रकार की विशेष समस्या नहीं बताई गई। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए गए कि यदि किसी किशोर को विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अवगत कराया जाए।

निरीक्षण में किशोरों के सुधारात्मक एवं गुणात्मक विकास से संबंधित पत्रावलियां अधूरी पाए जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई। प्रभारी अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि सभी कमियों को शीघ्र दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही जिन किशोरों का किसी विद्यालय में दाखिला नहीं हुआ है, उनका राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) के माध्यम से तत्काल प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए।

अधिकारियों ने संस्थान में साफ-सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तहसील सदर के ग्राम पंचायत भवन मलपुरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विधिक सहायता संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही पंचायत भवन में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

video

Pages