आगरा में जनगणना-2027 की डिजिटल शुरुआत, डीएम ने अधिकारियों संग भरा स्व-गणना फॉर्म - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 8 मई 2026

आगरा में जनगणना-2027 की डिजिटल शुरुआत, डीएम ने अधिकारियों संग भरा स्व-गणना फॉर्म

आगरा में जनगणना-2027 की डिजिटल शुरुआत, डीएम ने अधिकारियों संग भरा स्व-गणना फॉर्म

आगरा। जनगणना-2027 के अंतर्गत डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा किया गया। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्व-गणना फॉर्म भरकर अभियान की शुरुआत की। जिलाधिकारी ने पत्रकार वार्ता कर स्व-गणना प्रक्रिया, उसके उद्देश्य और आमजन की भागीदारी को लेकर विस्तृत जानकारी भी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक अब ऑनलाइन पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना को इस बार अधिक पारदर्शी, सटीक और सरल बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। आमजन को जागरूक करने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, व्यापारिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना चरण के बाद 22 मई से घर-घर सर्वेक्षण शुरू होगा, जिसमें प्रगणक प्रत्येक मकान पर जाकर विवरण दर्ज करेंगे। जनपद को 23 जोन में विभाजित किया गया है और लगभग 11 हजार कार्मिक इस कार्य में लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे सही और पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि एक मोबाइल नंबर से एक परिवार का लॉगिन किया जा सकेगा और पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से जानकारी भर सके।

स्व-गणना की प्रक्रिया समझाते हुए अधिकारियों ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद राज्य, जिला और स्थानीय विवरण चुनकर डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा और परिवार से संबंधित जानकारी भरनी होगी। सबमिट करने के बाद प्राप्त होने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखना होगा, जिसे बाद में प्रगणक को दिखाया जाएगा।

इस अवसर पर स्व-गणना कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें मास्टर ट्रेनरों द्वारा पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों के आवास पर जाकर भी पोर्टल पर जानकारी भरवाकर स्व-गणना अभियान का शुभारंभ कराया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला गणना अधिकारी शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) भगत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

video

Pages