मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित, उठाएं लाभ
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना : आगरा में UPSC, NEET/JEE एवं SSC-NDA परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन शुरू, उठाएं लाभ
आगरा:- जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती विजय लक्ष्मी मौर्या ने अवगत कराया है कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद आगरा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग संचालित की जाएगी। योजना के अंतर्गत UPSC/UPPSC (सिविल सर्विसेज), NEET/JEE तथा SSC/NDA/CDS जैसी एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए नवीन अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया है कि इच्छुक अभ्यर्थी अभ्युदय पोर्टल Abhyudayup.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही ऑफलाइन आवेदन फार्म कोचिंग केंद्र डॉ. भीमराव अंबेडकर आईएएस/पीसीएस परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, खंदारी, आगरा में किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को दो फोटो, आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र जैसे हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां संलग्न करनी होंगी।
उन्होंने यह भी बताया है कि प्रवेश परीक्षा की समय-सारिणी ,आवेदन प्राप्त एवं जमा करने की अंतिम तिथि : 08 मई 2026 से 31 मई 2026 तक,प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि : 05 जून 2026 से 15 जून 2026 के मध्य होगी।
परिणाम, काउंसलिंग एवं मेरिट के आधार पर पंजीकरण : 20 जून 2026 से 25 जून 2026 तक,कोचिंग सत्र का संचालन प्रारंभ : 01 जुलाई 2026 से
पात्रता/शर्तें
सिविल सेवा/पीसीएस, एसएससी एवं अन्य एक दिवसीय परीक्षाओं हेतु स्नातक अंतिम वर्ष अथवा स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं पात्र होंगे।
एनडीए एवं सीडीएस हेतु संबंधित प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप शैक्षिक अर्हता आवश्यक होगी।
NEET एवं JEE हेतु कक्षा 11 एवं 12 में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण विज्ञान वर्ग के छात्र पात्र होंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि किसी भी कोर्स के संचालन हेतु न्यूनतम 25 विद्यार्थियों की उपस्थिति आवश्यक होगी। यदि परिणाम के बाद छात्र संख्या 25 से कम रहती है तो संबंधित कोर्स संचालित नहीं किया जाएगा।
अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9458229850 एवं 7985478963 पर संपर्क कर सकते हैं।
....…...