आगरा: फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बेचने की साजिश नाकाम, 3 आरोपी गिरफ्तार
आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में जमीन हड़पने के बड़े फर्जीवाड़े का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर भू-स्वामी की जमीन बेचने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस के अनुसार, डीसीपी सिटी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सदर बाजार पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक व्यक्ति की जमीन को धोखाधड़ी से बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने संबंधित भू-स्वामी से संपर्क किया, जिसने साफ किया कि उसने अपनी जमीन किसी को नहीं बेची है और उसके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों—गजेंद्र चौधरी उर्फ भोला, किशनवीर और ओमवीर—को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों ने मिलकर भू-स्वामी के नाम से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 फर्जी आधार कार्ड, 1 फर्जी पैन कार्ड, एक पैन कार्ड की छायाप्रति तथा खसरा-खतौनी की अप्रमाणित प्रति बरामद की है। बरामद साक्ष्यों के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
गजेंद्र चौधरी उर्फ भोला पुत्र ब्रजेश सिंह, निवासी ग्राम बिजौरा, थाना फरह, जनपद मथुरा
किशनवीर पुत्र भूपेंद्र सिंह, निवासी मुंडेरा, थाना मलपुरा, आगरा
ओमवीर पुत्र जनम सिंह, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, थाना कागारोल, आगरा
पुलिस का कहना है कि इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।