आगरा: ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 4639 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण
आगरा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत विभिन्न थानों में बरामद भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया गया।
प्रेस नोट के अनुसार, कमिश्नरेट आगरा के पश्चिमी जोन के थाना अछनेरा, मलपुरा, फतेहपुर सीकरी, सैंया और किरावली क्षेत्रों में दर्ज कुल 32 अभियोगों से संबंधित गांजा, डोडा पोस्ता पाउडर और अल्प्राजोलम जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए थे। इन सभी का कुल वजन 4639.329 किलोग्राम रहा।
माननीय न्यायालय के आदेशानुसार 30 अप्रैल 2026 को गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में इन मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई नियमानुसार JRR वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, एतमादपुर स्थित प्लांट में की गई।
इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर व सैंया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों के तहत संपन्न कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।