पीएम किसान सम्मान निधि एवं अन्य योजनाओं के लाभ हेतु फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी, 31 मई 2026 तक किसान करा सकते हैं फार्मर रजिस्ट्री - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 27 मई 2026

पीएम किसान सम्मान निधि एवं अन्य योजनाओं के लाभ हेतु फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी, 31 मई 2026 तक किसान करा सकते हैं फार्मर रजिस्ट्री

पीएम किसान सम्मान निधि एवं अन्य योजनाओं के लाभ हेतु फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी, 31 मई 2026 तक किसान करा सकते हैं फार्मर रजिस्ट्री

ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर बनाई जा रही फार्मर रजिस्ट्री, फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को मिलेगा योजनाओं का पारदर्शी लाभ

डिजिटल गोल्डन कार्ड बनेगा किसानों की नई पहचान, फार्मर रजिस्ट्री से बार-बार ई-केवाईसी कराने की जरूरत नहीं-उप कृषि निदेशक

आगरा जनपद में 79.66 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण,एत्मादपुर तहसील फार्मर रजिस्ट्री में सबसे आगे

आगरा:-उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिए गए निर्देशानुसार फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को अभियान के रूप में तेजी से पूर्ण किया जा रहा है, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सके। फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण आधार बनेगी, जिसके माध्यम से गेहूं, धान, दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खरीद, बीज, उर्वरक, कृषि रक्षा रसायन, कृषि यंत्रों सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त किया जा सकेगा।
जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों एवं पंचायत सचिवालयों पर ग्राम प्रधानों की व्यवस्था में कृषि, पंचायती राज, ग्राम्य विकास एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिन कृषक भाइयों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है, वे अपना आधार कार्ड, नवीन खतौनी एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से करा लें। इसके अतिरिक्त कृषक भाई जन सेवा केंद्र अथवा स्वयं सहायक एप के माध्यम से भी दिनांक 31.05.2026 तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा सकते हैं, ताकि विभिन्न योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त होता रहे।
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि वर्तमान में जनपद आगरा में तहसीलवार फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति के अनुसार तहसील आगरा में पीएम किसान लाभार्थी कृषकों की संख्या 44,241 है, जिनमें से 32,755 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है तथा प्रगति 74.04 प्रतिशत है। तहसील बाह में 75,538 लाभार्थियों में से 50,688 कृषकों की रजिस्ट्री पूर्ण होकर 67.10 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। तहसील एत्मादपुर में 56,523 कृषकों में से 51,065 की रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है तथा यह प्रगति 90.34 प्रतिशत है। तहसील फतेहाबाद में 60,922 लाभार्थियों में से 52,735 कृषकों की रजिस्ट्री पूर्ण होकर 86.56 प्रतिशत प्रगति प्राप्त हुई है। तहसील खेरागढ़ में 77,520 कृषकों में से 62,990 की रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है तथा प्रगति 81.26 प्रतिशत है। तहसील किरावली में 69,888 कृषकों में से 56,169 कृषकों की रजिस्ट्री पूर्ण होकर 80.37 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। जनपद में कुल 3,84,632 पीएम किसान लाभार्थी कृषकों में से 3,06,402 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जो 79.66 प्रतिशत प्रगति को दर्शाती है।

उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि फार्मर रजिस्ट्री (डिजिटल आइडेंटिटी–गोल्डन कार्ड) के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पंजीकरण उपरांत ही प्राप्त होगा। फार्मर रजिस्ट्री के पश्चात किसानों को बार-बार ई-केवाईसी कराने की आवश्यकता नहीं होगी तथा बैंक से डिजिटल केवाईसी के आधार पर बिना अतिरिक्त दस्तावेजों के कम समय में ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी। कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों की सभी योजनाओं में सब्सिडी का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही फसली ऋण, फसल बीमा, सूखा अथवा बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में मिलने वाले मुआवजे की प्राप्ति भी सुगमता से सुनिश्चित होगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषकों का पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा और कृषकों को संस्थागत खरीदारों से जोड़कर उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में सहायता मिलेगी। फार्मर रजिस्ट्री के उपरांत रियल टाइम खतौनी के आधार पर समस्त डेटा स्वतः अपडेट होता रहेगा, जिससे किसानों को निरंतर अद्यतन सुविधाएं प्राप्त होती रहेंगी।
-------------------

video

Pages