ट्रांस यमुना पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान, 50 मीटर तक नो-एन्क्रोचमेंट जोन घोषित, जनता बोली— अब दिख रही असली पुलिसिंग
टेडी बगिया चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार की सख्ती से बदली क्षेत्र की तस्वीर, अपराधियों में खौफ और जनता में भरोसा
आगरा में ट्रांस यमुना क्षेत्र के चौराहों को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने टेढ़ी बगिया बाजार चौराहे से लेकर सौ फुटा रोड तक सड़क किनारे लगे ठेले, अवैध पार्किंग और फुटपाथ पर फैले सामान को हटवाया। अभियान के दौरान पुलिस ने प्रमुख चौराहों के 50 मीटर दायरे को नो-एन्क्रोचमेंट जोन घोषित करते हुए सफेद चूने से सीमा भी निर्धारित कर दी।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाना और रोज लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना है। टेढ़ी बगिया चौराहे पर लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने मौके पर खड़े वाहनों और ठेल-ढकेलों को हटाकर रास्ता साफ कराया।
टेढ़ी बगिया चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चूने से निर्धारित सीमा के बाहर किसी भी प्रकार का सामान, वाहन या ठेला मिला तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को अपना सामान दुकान के अंदर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने टेढ़ी बगिया चौकी का चार्ज संभाला है, तब से क्षेत्र में कानून व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है। अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है और कई असामाजिक तत्व क्षेत्र छोड़ चुके हैं। लोगों का यह भी कहना है कि पहले कई बार बिना जांच के फर्जी मुकदमे तक दर्ज हो जाते थे, लेकिन अब हर शिकायत की गहनता से जांच की जाती है। यदि मामला सही पाया जाता है तो प्रवीण कुमार द्वारा तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाती है।
इस पूरी व्यवस्था का नेतृत्व थाना ट्रांस यमुना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार द्वारा किया जा रहा है। उनके निर्देशन में थाना पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और जनता की सुरक्षा को लेकर सक्रिय अभियान चला रही है।
बताया गया कि कुछ दिन पहले पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में अतिक्रमण और जाम की गंभीर समस्या सामने आने के बाद यह विशेष अभियान शुरू किया गया। थाना ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में अन्य चौराहों पर भी इसी तरह अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।