53 लाख पौधों से हरा होगा आगरा, उटंगन नदी के पुनर्जीवन का भी बना रोडमैप - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 8 मई 2026

53 लाख पौधों से हरा होगा आगरा, उटंगन नदी के पुनर्जीवन का भी बना रोडमैप

53 लाख पौधों से हरा होगा आगरा, उटंगन नदी के पुनर्जीवन का भी बना रोडमैप

आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति, जिला वेटलैंड समिति एवं जिला गंगा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, वायु प्रदूषण नियंत्रण, वेटलैंड संरक्षण तथा नदियों के पुनरोद्धार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि वृक्षारोपण लक्ष्य-2026 के अंतर्गत जनपद में कुल 53,34,914 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 19 लाख पौधे वन विभाग द्वारा लगाए जाएंगे जबकि शेष लक्ष्य विभिन्न विभागों को आवंटित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समय से भूमि चिन्हांकन, गड्ढा खुदान एवं पौधरोपण की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही “मियांबाकी पद्धति” के तहत पौधों की जीवितता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देने को कहा।

जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण महाअभियान में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम के प्रत्येक जोनल कार्यालय स्तर पर अभियान शुरू होने से 15 दिन पहले से ही स्वप्रेरणा से पौधरोपण करने वाले लोगों को पौधे गोद दिए जाएं तथा उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

बैठक में “एक जनपद-एक नदी योजना” के अंतर्गत उटंगन नदी के पुनरोद्धार की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार नदी क्षेत्र का चिन्हांकन कर अस्थाई और स्थाई अतिक्रमण हटाया जाए। इसके बाद विस्तृत पुनरोद्धार रिपोर्ट तैयार की जाए। इस कार्य के लिए एडीएम नमामि गंगे को नोडल अधिकारी नामित किया गया।

वायु प्रदूषण की समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल माह में 30 दिनों तक एक्यूआई स्तर 200 से नीचे रहा, जिसमें 7 दिन “गुड” और 23 दिन “मॉडरेट” श्रेणी में दर्ज किए गए। संजय प्लेस क्षेत्र में बढ़ते रोड डस्ट और प्रदूषण का मुद्दा उठने पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को पार्किंग एवं ट्रैफिक सुधार के साथ रोड डस्ट नियंत्रण हेतु विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में शहर से गुजरने वाले भारी वाहनों को नॉर्दर्न बाईपास से डायवर्ट करने का मुद्दा भी उठा, जिस पर जिलाधिकारी ने पुलिस आयुक्त एवं संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि शहर में प्रदूषण और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।

इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक वेस्ट, फ्लावर वेस्ट, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट तथा हॉर्टिकल्चर वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर भी विभागों को निर्देशित किया गया। नगर निगम को पार्कों में कंपोस्ट पिट तैयार कर जैविक खाद बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीडीओ प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, एडीएम प्रशासन नगर आजाद भगत सिंह, डीएफओ राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

video

Pages