तरबूज के खेत से उठी रंजिश, मासूम की हत्या का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा। जगनेर क्षेत्र के गांव रंधीरपुरा में खेत पर तरबूज लेने गए मासूम बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे रुपये के लेन-देन का विवाद था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि बसई जगनेर क्षेत्र के गांव रंधीरपुरा निवासी किसान नरेश के बेटे छोटू उर्फ धन्नू की शुक्रवार को हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। हत्या के बाद बालक की एक आंख भी निकाल ली गई थी, जिससे घटना और भी भयावह हो गई।
स्वजन द्वारा शक जताने पर पुलिस ने खेत को बटाई/भेज पर लेकर तरबूज और खरबूजे की खेती करने वाले रियाजुद्दीन और सिराजुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि बालक के पिता से खेत की रकम के बकाया को लेकर शुक्रवार सुबह उनका विवाद हुआ था। उन्हें दो सप्ताह बाद खेत खाली करना था। इसी रंजिश में उन्होंने बदला लेने की नीयत से बालक छोटू के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया।
एसीपी प्रीता दुबे ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।