आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवीनीकृत महिला थाना का हुआ उद्घाटन, महिला सुरक्षा को मिलेगा नया आयाम
आगरा। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन में नवीनीकृत महिला थाना का विधिवत उद्घाटन किया गया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस थाने का उद्घाटन पुलिस आयुक्त श्री दीपक कुमार (IPS) द्वारा 05 मई 2026 को फीता काटकर किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने के क्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महिला थानों की स्थापना और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में कमिश्नरेट आगरा के महिला थाना का जीर्णोद्धार कर इसे अत्याधुनिक रूप प्रदान किया गया है। थाने में थाना प्रभारी कार्यालय, क्रेच कक्ष, डायनिंग हॉल तथा मिशन शक्ति कार्यालय जैसे सुविधाजनक और उपयोगी भवनों का निर्माण कराया गया है।
उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस उपायुक्त यातायात, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी एवं पश्चिमी, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल, अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने महिला थाना में तैनात महिला पुलिसकर्मियों से संवाद किया और उनके आवास, पुलिस मैस तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महिला थाना महिलाओं से जुड़े अपराधों के समाधान और उनकी सुरक्षा के लिए समर्पित एक संवेदनशील केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें न्याय दिलाने के साथ-साथ हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। कमिश्नरेट आगरा में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (IPS) ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नवीनीकृत महिला थाना न केवल आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, बल्कि यह एक संवेदनशील केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां प्रत्येक पीड़िता को त्वरित न्याय, उचित परामर्श और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी संदेश दिया कि थानों, चौकियों और कार्यालयों का आधुनिकीकरण तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कमिश्नरेट आगरा लगातार पुलिस बल के सशक्तिकरण और जनसेवा को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।