वाहन चेकिंग अभियान में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 31 मई 2026

वाहन चेकिंग अभियान में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई

वाहन चेकिंग अभियान में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई


आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर, नंबर मोड़कर या नंबर प्लेट हटाकर सड़कों पर वाहन दौड़ाते नजर आते हैं, जिससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को कार्रवाई से बचने का मौका मिल जाता है।
इसी क्रम में सुभाष पार्क चौराहे पर चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली एक दोपहिया गाड़ी को रोककर जांच की। जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक टीएसआई अपूर्व मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मी वाहनों की सघन जांच करते नजर आए। पुलिस द्वारा वाहन चालकों के दस्तावेज, हेलमेट, नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों के पालन की जांच की गई।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि समय-समय पर चलाए जाने वाले ऐसे अभियान न केवल वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक साबित होते हैं। पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएं और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।
अब देखना यह होगा कि लगातार चल रहे इन अभियानों का कितना असर वाहन चालकों पर पड़ता है और वे यातायात नियमों के प्रति कितनी गंभीरता दिखाते हैं।

video

Pages