लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर प्रतिभा का सम्मान, 60 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 31 मई 2026

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर प्रतिभा का सम्मान, 60 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर प्रतिभा का सम्मान, 60 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

शैक्षिक प्रतियोगिता में निखिल प्रथम, सालिया, विष्णु और सोनू रहे द्वितीय: विजेता छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

जनपद आगरा:- एत्मादपुर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के पावन अवसर पर कस्बे के भगत जी मार्केट स्थित 'योगीराज क्लासेज' में एक भव्य शैक्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में एत्मादपुर और आसपास के क्षेत्रों के 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लेकर अपनी मेधा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निखिल बघेल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, बेहतरीन तालमेल और ज्ञान का परिचय देते हुए सालिया, विष्णु यादव एवं सोनू बघेल ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों द्वारा सभी विजेता विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

प्रेरणास्रोत हैं अहिल्याबाई होल्कर: योगी धाकरे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोचिंग संस्थान के संचालक योगी धाकरे ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के गौरवशाली व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा "लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर केवल एक महान और कुशल शासक ही नहीं थीं, बल्कि वे न्याय, समाज सेवा, नारी शिक्षा और जनकल्याण की साक्षात प्रेरणास्रोत थीं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी समाज के कल्याण के लिए कैसे अडिग रहा जाता है। उनके आदर्श आज के युवाओं को जीवन में सही और सकारात्मक दिशा दिखाने का काम करते हैं। 
उन्होंने आगे युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लोकमाता के जीवन चरित्र को अपने भीतर उतारें, शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करें और देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएं।

निरंतर होते रहेंगे ऐसे आयोजन
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजकों द्वारा परीक्षा में शामिल हुए सभी प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया गया। संस्थान की ओर से घोषणा की गई कि विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और सामान्य ज्ञान को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के ज्ञानवर्धक, रचनात्मक और प्रेरणादायक आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

video

Pages