थप्पड़ और तमंचे की धमकी देने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोचा, “सिंघम” अवनीश त्यागी की फिर गरजी सख्त पुलिसिंग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 20 मई 2026

थप्पड़ और तमंचे की धमकी देने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोचा, “सिंघम” अवनीश त्यागी की फिर गरजी सख्त पुलिसिंग

थप्पड़ और तमंचे की धमकी देने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोचा, “सिंघम” अवनीश त्यागी की फिर गरजी सख्त पुलिसिंग

आगरा-मथुरा के बाद अब मैनपुरी में भी दिखा अवनीश त्यागी का खौफ, चंद घंटों में  बदमाश को पकड़ पहुंचाया सलाखों के पीछे

मैनपुरी। एलाऊ थाना पुलिस ने युवती से मारपीट और तमंचे से धमकाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर एक बार फिर अपनी तेजतर्रार कार्यशैली का परिचय दिया है। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे थाना प्रभारी अवनीश त्यागी ने घटना के कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़कर यह साबित कर दिया कि अपराधियों के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार सख्त होती जा रही है।

जानकारी के अनुसार एलाऊ थाना क्षेत्र के बख्तपुर निवासी मनीष उर्फ विपिन पुत्र जगदीश ने एक युवती के साथ मारपीट करते हुए उसे थप्पड़ मारा और तमंचे से धमकाया था। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कुसमरा-मैनपुरी मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। पुंडरी की ओर से आती एक बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकला। संजापुर मोड़ पुलिया के पास बाइक फिसलने के बाद बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान सिपाही दिनेश भी घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एएसपी सिटी अरुण कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

बेहतरीन पुलिसिंग और सख्त कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले थाना प्रभारी अवनीश त्यागी को क्षेत्र में लोग “सिंघम” के नाम से जानते हैं। अपने अब तक के कार्यकाल में वह कई बड़ी और चुनौतीपूर्ण घटनाओं का सफल खुलासा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

आगरा और मथुरा जैसे संवेदनशील जनपदों में दमदार पुलिसिंग की छाप छोड़ने के बाद अब मैनपुरी में भी अवनीश त्यागी लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कानून व्यवस्था मजबूत करने में जुटे हैं। उनकी सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल देखने को मिल रहा है।

video

Pages