खेत से रहस्यमय तरीके से लापता युवक का शव गड्ढे में मिला, हत्या की आशंका से सनसनी
आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव रोहता नहर के पास गंगाजल पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मलपुरा क्षेत्र के बाईंखेड़ा निवासी 30 वर्षीय अनीत उर्फ गणेश गुरुवार रात अपने खेत पर सोने गया था। शुक्रवार सुबह जब उसकी पत्नी पिंकी पशुबाड़े में पहुंची तो अनीत वहां नहीं मिला। मौके पर चारपाई उल्टी पड़ी थी, सामान बिखरा हुआ था और बिस्तर भी गायब था। वहीं पास में खून के निशान मिलने से परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मलपुरा पुलिस युवक की तलाश में जुट गई। काफी खोजबीन के बाद शनिवार दोपहर रोहता नहर के पास गंगाजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में अनीत का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया और गांव में भी दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका मानकर जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।